Showing posts with label Principal. Show all posts
Showing posts with label Principal. Show all posts
Tuesday, 13 February 2018
लक्ष्य हासिल करने के बाद बढ़ते रहें आगे
डॉ. साधना शर्मा, प्रिंसिपल, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज, दिल्ली यूनिवर्सिटी
जीवन में अगर कुछ करने का जज्बा हो तो लाख परेशानियां भी आपको अपने मकसद से दूर नहीं कर सकती। अपने काम पर युवाओं को फोकस करना चाहिए क्योंकि युवाओं की विचारधारा में ज्यादातर बिखराव नजर आता है। उन्हें कोई लक्ष्य नहीं दिखता। युवाओं को सबसे पहले अपना लक्ष्य निर्धारित कर उस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए लगातार प्रयास करना चाहिए। निरंतर प्रयत्न करने से ही लक्ष्य प्राप्त कर सकेंगे। लक्ष्य प्राप्ति के बाद भी नहीं रूकना चाहिए बल्कि विकास के लिए उस दिशा में प्रयास शुरू करना चाहिए। यह कहना है कि दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज (एसपीएम) की प्रिंसिपल डॉ. साधना शर्मा का। डॉ. शर्मा का यह भी कहना है कि
होके मायूस न यूं शाम से ढ़लते रहिए.. जिंदगी भोर है सूरज से निकलते रहिए।
एक ही पैर पर ठहरोगे तो थक जाओगे..धीरे धीरे ही सही मगर चलते तो रहिए।
डॉ. साधना शर्मा का जन्म अक्टूबर 1960 में उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में हुआ था। स्कूली शिक्षा उपरांत दिल्ली यूनिवर्सिटी एम.ए, एम.फिल तथा पी.एच.डी. की पढ़ाई पूरी की। हायर एजुकेशन के साथ ही थियेटर, पत्रकारिता के क्षेत्र में भी महारत हासिल की। डॉ. शर्मा दिल्ली यूनिवर्सिटी के जाकिर हुसैन और स्वामी श्रद्धानंद कॉलेज में भी छात्रों को पढा चुकी हैं और साल 1990 से ही एसपीएम कॉलेज में पढ़ाने से लेकर प्रिंसिपल तक का सफर तय किया है।
सिविल सर्विसेज का इंटरव्यू छोड़ शिक्षक बनीं
डॉ. शर्मा ने बताया कि दिल्ली में उन्होंने सिविल सर्विसेज की तैयारी की। देश के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित परीक्षा में प्री और मेंस भी क्लेयर कर लिया था। लेकिन इंटरव्यू देने नहीं गईं और शिक्षा क्षेत्र से जुड़ गईं। मां चाहती थी कि शिक्षा के क्षेत्र में जाए। अब तक कई किताबें लिख चुकी हैं। जिनमें पत्रकारिता से लेकर नाटक, कहानी, रिसर्च विधाएं शामिल हैं। जयशंकर प्रसाद के नाटकों का शैली वैज्ञानिक अध्ययन, आषाढ़ का एक दिन: भाषिक संरचना, सामाजिक समरसता की चुनौतियां (संपादित), संचार का स्वरूप प्रमुख रचनाओं में शामिल हैं। इसके अलावा डॉ. शर्मा ने समय सरोकार पत्रिका का संपादन भी किया है।
हिंदी का बढ़ा है चलन
व्यवहार में हिंदी भाषा ही चल रही है। पढ़ाई के संबंध में छात्र औपचारिक पाठ्यक्रम चाहते हैं कि अंग्रेजी में पढ़े। यही वजह है कि दूरदराज के इलाकों और गांवों में लोग चाहते हैं कि उनका बच्चा इंग्लिस मीडियम स्कूल में पढ़े। मेरा मानना है कि युवा भी हिंदी भाषा का प्रयोग कर रहा है। 80 के दशक में यूनिवर्सिटी में भी बोलचाल में अंग्रेजी का बहुत ज्यादा प्रयोग होता था लेकिन अब बहुत बदलाव आया है।
सदा सकारात्मक रहें
जिंदगी को लेकर हमेशा सकारात्मक रहना चाहिए। ईश्वर या किसी व्यक्ति से कोई शिकायत नहीं करता। जिंदगी का मतलब लोगों को खुश रखना होना चाहिए। खुद के लिए जीने का कोई मतलब नहीं। साथ ही सफलता का मतलब पैसा नहीं होना चाहिए। जिंदगी में कभी भी अपने मन में निराशाओं को घर न करने दें।
सिखा चुकी हैं पत्रकारिता के गुर
दिल्ली यूनिवर्सिटी में हिंदी ऑनर्स समेत कई विषयों में ऑपश्नल पेपर के तौर पर जर्नलिज्म सब्जेक्ट को शामिल किया गया था। उसी दौरान छात्रों को कॉलेज में पत्रकारिता के गुर सिखाए। डॉ. शर्मा ने भी पत्रकारिता पढ़ाने से पूर्व इग्नू से डिप्लोमा हासिल किया। आज उनके पढ़ाए छात्र बेहतर मुकाम हासिल कर चुके हैं।
हिम्मत और सम्मान के साथ काम करना चाहिए
डॉ. साधना शर्मा का कहना है कि जीवन में खेलकूद, घूमना-फिरना सब जरूरी है लेकिन सबसे अहम होता है करियर बनाना। अपने कॉलेज की छात्राओं को कहती हूं कि कोई भी काम करो लेकिन वह काम ऐसा होना चाहिए कि आपको स्वयं भी अच्छा महसूस हो सके। हर काम हिम्मत के साथ करो, सम्मान के साथ करो और इस तरीके का काम करो कि उसके बारे में बता सको कि आप क्या काम कर रहे हो।
---राजेश रंजन सिंह
साभार: पंजाब केसरी
Sunday, 4 February 2018
तन से नहीं, मन से होता है युवा
मंजुला दास, प्रिंसिपल, सत्यवती कॉलेज, दिल्ली यूनिवर्सिटी
युवा मन से होता है, तन से नहीं। यदि आप जीवंत हैं और जिंदगी में कुछ करना चाहते हैं तो आप युवा हैं। सही दिशा में प्रयास बेहद जरूरी, नहीं तो पूरी उम्र लगा दीजिए सफलता नहीं मिलेगी। यह कहना है कि दिल्ली यूनिवर्सिटी के सत्यवती कॉलेज की प्रिंसिपल मंजुला दास का। शिक्षण पृष्ठभूंिम वाले परिवार से संबंधित दास भी पिछले 41 सालों शिक्षण कार्य कर रही हैं। दास का मंत्र है कि जोश, जज्बा और जुनून इंसान के भीतर हो तो वह कोई भी लक्ष्य हासिल कर सकता है।
![]() |
| मंजुला दास, प्रिंसिपल |
दिल्ली की रहने वाली मंजुला दास का जन्म 1955 में हुआ था। स्कूली शिक्षा दिल्ली के नामी स्कूल लेडी इरविन स्कूल से की। इसके बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी के आईपी कॉलेज से ही बीए (ऑनर्स) हिंदी में ग्रेजुएशन व एमए (हिंदी) की पढ़ाई पूरी की। दिल्ली यूनिवर्सिटी से ही पीएचडी की डिग्री हासिल करने के बाद डी. लिट के लिए रांची यूनिवर्सिटी का रूख किया। हायर एजुकेशन के साथ ही दिल्ली यूनिवर्सिटी से फ्रेंच भाषा सीखने के लिए सर्टिफिकेट हासिल किया। बीए आनर्स के तीनों साल की टॉपर रहीं और एमए में दिल्ली यूनिवर्सिटी की टॉपर रहने के कारण गोल्ड मेडलिस्ट मिला। दास ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के कमला नेहरु कॉलेज से अपने करियर की शुरूआत की और साल 1977 से ही सत्यवती कॉलेज में पढ़ाने से लेकर प्रिंसिपल तक का सफर तय किया।
15 साल की उम्र में शुरू किया लिखना
मुझे बचपन से ही लिखने का शौक था। लिहाजा 15 साल की उम्र में ही लिखना शुरू कर दिया था। अब तक 45 किताबें लिख चुकी हूं। जिनमें उपन्यास, नाटक, कहानी, कविताएं जैसी विधाएं शामिल हैं। सडक़, पुल और वे के लिए हिंदी अकादमी ने पुरस्कृत किया था। मुझे इंतजार था, अभी तो और जीना है प्रमुख कहानियां हैं।
बहुउद्देशीय होना जरूरी
आज के समय में जीवन के लिए एक ही लक्ष्य बनाना सही नहीं है। हमें बहुउद्देशीय होना चाहिए। इसके लिए एक-एक सीढ़ी चढक़र आगे बढ़ते रहना चाहिए। जीवन की भागदौड़ के बीच हमें अपने सकारात्मक शौक भी पूरा करना चाहिए। उन्होंने भी पढ़ाई के साथ-साथ अपने शौक को पूरा करने के लिए प्रयास किए और सफलता भी हासिल की। उन्होंने पेंटिंग, सिंगिंग, डांसिंग, न्यूमरोलॉजी में भी दक्षता पाई। अभी तक सौ से अधिक पेंटिंग बना चुकी हैं। कॉलेज में भी कई बार कार्यक्रमों के दौरान गुनगुनाकर सिंगिंग का शौक पूरा किया। इतना ही नहीं, न्यूमरोलॉजी का शौक तो इस कदर था कि इसे सीखने के दौरान इस क्षेत्र में गोल्ड मेडल हासिल कर लिया।
संघर्षशील ही करते हैं सफलता का सम्मान
दास मानती हैं कि आज का युवा शॉर्टकट की तरफ ज्यादा भागता है। लेकिन इस शॉर्टकट में उलझाव ज्यादा है। वह बताती हैं कि जितनी मेहनत उन्होंने आट्र्स विषय की पढ़ाई को दौरान की, उतनी मेहनत साइंस विषय के छात्र भी शायद नहीं करते। उनका कहना है कि यदि मैंने मेहनत नहीं की होती तो आज इम मुकाम पर शायद नहीं होती। संघर्ष करके जब एक-एक सीढ़ी चढक़रमुकाम हासिल करते हैं तो हमें पता होता है कि हम किस रास्ते से होकर यहां तक पहुंचे हैं। फिर हम उस सफलता का सम्मान भी करते हैं। एक संघर्षशील व्यक्ति ही सफलता का सम्मान कर सकता है। अचानक से मिलने वाली सफलता को लेकर हमारा स्वभाव भी कुछ अलग होता है। हम उसकी इज्जत नहीं कर पाते।
जापानी छात्रों को दी हिंदी की तालीम
टीचिंग के दौरान दास ने जापानी छात्रों को हिंदी भाषा की तालीम दी। मंजुला दास जापान की टोक्यो यूनिवर्सिटी ऑफ फॉरेन स्टडीज (डिपार्टमेंट ऑफ हिंदी) में 1982-84 में गईं। यहां पर उन्होंने दो सालों तक विजिटिंग प्रोफेसर के तौर पर काम किया।
साभार:- पंजाब केसरी
--राजेश रंजन सिंह
Subscribe to:
Posts (Atom)


